देहरादून | श्रद्धांजलि समारोह

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन, गढ़ीकैंट देहरादून में स्वर्गीय हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे। उनकी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देता रहेगा। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर ने अपने जीवन में सदैव समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। उनका संपूर्ण जीवन जनता के लिए समर्पित रहा, जिसे राज्य विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए कहा कि वे सादगी और संवेदनशीलता के प्रतीक थे। उन्होंने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया और राज्य के विकास से जुड़े हर विषय पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्व. हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि वे एक आदर्श जननेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण जनसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और आज वे जिस भी स्थान पर हैं, उसमें कपूर साहब का महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य के विकास में उनका योगदान सदैव अनुकरणीय रहेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, दायित्वधारी श्री श्याम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
