यमकेश्वर राजकीय इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

यमकेश्वर राजकीय इंटर कॉलेज में 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी जी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री विनोद डबराल जी (पूर्व जिला पंचायत सदस्य, गुमालगांव), अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद् डॉ. सुनीता विद्यार्थी जी, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती प्रमिला बलूनी जी (जिला पंचायत सदस्य, पठूड़-अकरा) एवं श्री मधुसूदन बलूनी जी (डायरेक्टर, बलूनी कार्गो मूवर्स प्रा. लि.) उपस्थित रहे।


सभी अतिथियों ने प्रधानाचार्य के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत माँ सरस्वती, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक रहे स्वर्गीय सोहन सिंह चौहान के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि श्री विनोद डबराल जी, जो स्वयं इस विद्यालय के पूर्व छात्र हैं, ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस की महत्ता और वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला तथा विद्यालय के विकास हेतु पूर्व की भांति सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मिठाई जलेबी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रमिला बलूनी जी, जो विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं, ने भी गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की। वहीं श्री मधुसूदन बलूनी जी ने छात्र-छात्राओं में खेलों के विकास हेतु वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल सामग्री प्रदान की।


अति विशिष्ट अतिथि एवं शिक्षाविद् डॉ. सुनीता विद्यार्थी जी ने अपने प्रेरक संबोधन में शिक्षा को रोजगार से जोड़ने पर बल देते हुए विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु उपयोगी सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों से खूब प्रशंसा बटोरी। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन हिंदी प्रवक्ता डॉ. रोहित थपलियाल जी द्वारा किया गया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं भोजनमाताओं का आभार व्यक्त करते हुए बोर्ड परीक्षार्थियों को पूरी निष्ठा से तैयारी कर सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।

काव्यात्मक संदेश
गण-गण में गुण विकसित हों,
कण-कण से कायरता भागे।
मन-मन में सद्भाव उमगे,
जन-जन में नैतिकता जागे।
समता, स्वतंत्रता, बंधु भाव से,
गूंज उठे धरती सारी।
यह लोक सत्य-सुंदर हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *